
पंचरुखी (कांगड़ा)। स्थानीय इलाके में एक सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सत्ताधारी दल के एक व्यक्ति ने अपनी राजनीतिक पैठ का रौब दिखा कर चिकित्सक से कथित तौर पर बदसलूकी की है। उस व्यक्ति ने चिकित्सक को तबादला करने की धमकी तक दे डाली। इससे स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में खौफ का माहौल है।
जानकारी के अनुसार इलाके के एक स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में एक व्यक्ति अपने भाई को लेकर अंदर गया। उस समय चिकित्सक अन्य मरीजों को देख रहे थे। बावजूद इसके चिकित्सक ने इस व्यक्ति के भाई का पूरा चेकअप कर दिया। लेकिन ये लोग जबरदस्ती चिकित्सक से पर्ची पर अल्ट्रासाउंड लिखने की बात कहने लगे। लेकिन चिकित्सक ने कहा कि उन्हें जो बीमारी है, उसकी दवाई दे दी है। इससे मरीज ठीक हो जाएगा। यह सुन मरीज के साथ आया उसका भाई चिकित्सक पर भड़क उठा और चिकित्सक के साथ तूतू-मैंमैं पर उतर आया। जबकि इस व्यक्ति ने चिकित्सक को तबादला करने की धमकी देते हुए कहा कि कहीं और नौकरी की तैयारी कर लें और वहां से चला गया। ऐसे में अब स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में दहशत फैल गई है कि वह ऐसे में कैसे नौकरी कर पाएंगे। जब हर कोई उनको अपनी राजनीतिक पहुंच की धौंस दिखाकर तबादले का रौब दिखाएगा।
