
बद्दी (सोलन)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शीघ्र ही प्रदेश में औद्योगिक सलाहकार परिषद का गठन किया जाएगा। जिसमें उद्योग जगत से जुड़े 21 सदस्यों को शामिल किया जाएगा। यह परिषद प्रदेश में उद्योग को बढ़ावा देने से लेकर उनकी बेहतरी के लिए सरकार को समय-समय सुझाव देगी। उद्योग मंत्री बद्दी के रायल पार्क में बीबीएनआईए के पदाधिकारियों की साथ बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि बद्दी में फूल फ्लैश टूल रूम बनाया जाएगा। जिस पर सौ करोड़ रुपये की लागत आएगी। केंद्रीय टीम शीघ्र ही बद्दी क्षेत्र का दौरा करके इसका जायजा लेगी। प्रदेश सरकार टूल रूम के लिए 20 एकड़ जमीन मुहैया कराएगी। वर्ल्ड बैंक की टीम शीघ्र ही बीबीएन क्षेत्र का दौरा कर यहां के विकास कार्यों का जायजा लेगी तथा यहां के औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के लिए आर्थिक मदद का प्रावधान भी करेगी। नए निवेशकों को प्रदेश में आमंत्रित करने के लिए इंवेस्टर मीट बुलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में ढांचागत विकास के लिए 95 करोड़ रुपये का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। स्वीकृति मिलने पर इस धनराशि से प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जाएगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि बीबीएन की सड़कों की मरम्मत के लिए 13 करोड़ 20 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। नालागढ़ से स्वारघाट सड़क पर 44 करोड़ व्यय किए जाएंगे। इसके टेंडर हो चुके हैं। दिसंबर 2014 तक इसे तैयार कर लिया जाएगा। चिकनी खड्ड पर पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसका कार्य दिसंबर माह तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बीबीएनआईए की ओर से बीबीएन में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में विकास कार्यों को जारी करने की बात कही। इससे पूर्व बीबीएनआईए के अध्यक्ष अरुण रावत ने बीबीएन में उद्योगपतियों को पेश आने वाली समस्याओं की जानकारी दी। जिस पर उद्योग मंत्री ने प्राथमिकता के आधार पर उन्हें हल करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर उद्योग विभाग के निदेशक मोहन चौहान, बीबीएनडीए के अतिरिक्त सीईओ राजेश्वर गोयल, जिप सदस्य परमजीत सिंह पम्मी, बीबीएनआईए के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गुलेरिया और दीपक भंडारी समेत कई उद्योगपति मौजूद रहे।
