
सरकाघाट (मंडी)। राजस्व अधिकारियाें की गैरहाजिरी और लापरवाही पर प्रशासन सख्त हो गया है। पटवार वृत्त मझवाण के पटवारी पर इसकी गाज गिर गई है। ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर प्रशासन ने संबंधित पटवारखाना के पटवारी के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। प्रशासन ने इस संबंध में पटवारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने औचक निरीक्षण के दौरान मझवाण पटवार वृत्त के पटवारी को अनुपस्थित पाया था। उपमंडल अधिकारी ने पटवारी की अनुपस्थिति पर नायब तहसीलदार से संपर्क साधा तो पता चला कि संबंधित पटवारी की ओर से न तो कार्यालय से अनुपस्थित रहने बारे कोई अवकाश लिया गया था और न ही कोई सूचना दी। सरकार के आदेशों के तहत पटवारी को हर माह के सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को पटवार खाना में उपस्थित रहना अनिवार्य है, ताकि आम जनता को राजस्व संबंधी कार्य करवाने में कठिनाई न आए। इधर, एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने बताया कि औचक निरीक्षण पर संबंधित पटवार खाना के पटवारी को बिना किसी को सूचना दिए अनुपस्थित पाया गया है। इसके लिए स्पष्टीकरण मांगा है। सरकारी सेवाओं के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
