औचक निरीक्षण को पाटी पहुंचे डीएम

लोहाघाट। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने सोमवार को एकाएक पाटी तहसील का औचक निरीक्षण किया। जिले का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार बगैर किसी पूर्व सूचना के जिलाधिकारी के आने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तहसील के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण करने के साथ आपदा नियंत्रण कक्ष और आपदा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया।
एसडीएम प्रत्यूष सिंह ने उन्हें विभिन्न कार्यक्रमों और आपदा से संबंधित कार्यों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने आपदा से संबंधित तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। सभी कर्मचारियों से टीम भावना के साथ आपदा की स्थिति से निपटने के लिए कार्य करने की आवश्यकता बताई। तहसीलदार बीएस माहरा भी इस अवसर पर मौजूद थे। लधिया घाटी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में जेष्ठ प्रमुख मदन बोहरा, ग्राम प्रधान खीमानंद बिनवाल, खीमानंद गड़कोटी, खीमानंद जोशी, त्रिलोक सिंह बोहरा, सामाजिक कार्यकर्ता नीलम गड़कोटी आदि लोगों ने लधिया घाटी क्षेत्र में हुई तबाही की जानकारी देते हुए वहां शीघ्र बचाव कार्य शुरू करने की मांग की।

Related posts