
शिमला। बंधित और प्रतिबंधित सड़कों पर बिना रोड परमिट के दौड़ रही गाड़ियों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। दो दिन के भीतर पुलिस ने शिल्ली चौक, चौड़ा मैदान, सीटीओ चौक और आईजीएमसी रोड पर 165 गाड़ियों के चालान किए। प्रत्येक गाड़ी को 1500 रुपये जुर्माना किया गया। इसमें निजी गाड़ियों के साथ साथ सरकारी गाड़ियां भी शामिल हैं। ‘अमर उजाला’ ने आम का चालान, रसूखदारों को सलाम, लालबत्ती वाहनों का चालान नहीं शीर्षक से खबरें प्रकाशित की गई थीं। इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने यह कार्रवाई की। इसी तरह 12 सितंबर के अंक में ‘अमर उजाला’ ने टैक्सियों पर कैसे नजर रखेगी पुलिस शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। पुलिस प्रशासन ने ओवरलोडिंग पर शिकंजा कसते हुए एक निजी बस और दो एचआरटीसी की टैक्सियों को जब्त कर लिया। इनमें एक टैक्सी संजौली-लक्कड़ बाजार रूट और दूसरी सीटीओ चौक से चक्कर रूट पर चलती है। इसके अलावा पंथाघाटी रूट पर चलने वाली निजी बस को भी जब्त किया गया है। डीएसपी सिटी पुनीत रघु ने पुष्टि करते हुए कहा कि इस अभियान के बाद सुधार देखने को मिला है। यातायात नियमों को धत्ता बताने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
