
रोहड़ू(सुंदर औक्टा)सिविल अस्पताल रोहड़ू में रोगियों के लिए ओपीडी के बाहर बैठने के लिए नए बैंच लगाए जाएंगे। वीरवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान अगले वित्त वर्ष का लेखा जोखा भी पेश किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम वाईपीएस वर्मा ने की।
बैठक में सिविल अस्पताल रोहड़ू के प्रभारी वरिष्ठ चिकित्सक डा.रविंद्र शर्मा ने साल भर का लेखा जोखा सामने रखा। बैठक में निर्णय लिया गया कि अस्पताल में रोगियों की सुविधाओं के लिए नई बेड शीट और कंबल की व्यवस्था की जाएगी। अस्पताल के रखरखाव के लिए भी रोगी कल्याण समिति से धन का प्रावधान किया गया है। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ पानी की व्यवस्था, ओपीडी के बाहर मरीजों के लिए बैंच लगाने और मनोरंजन के लिए टीवी लगाने का भी बजट में प्रावधान किया गया है। इसके अलावा अस्पताल परिसर में एक कैंटीन का निर्माण भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। बैठक में क्षेत्र के आम लोगों से आग्रह किया गया कि अस्पताल की मदद के लिए आगे आएं। अस्पताल में आर्थिक कमी के कारण कई कार्य तय समय में सिरे नहीं चढ़ पा रहे है।
बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी टिक्कर संजय पाठक, जिला परिषद सदस्य कमलेश ,नगर परिषद अध्यक्ष राजकुमार नीटू, व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश चौहान, पंचायत समिति सदस्य निखिल सारटा, बिहारी लाल जस्टा, कमलेश कश्यप, देवेंद्र फिष्टा ,बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थ्ति थे।
