
बिलासपुर(सोनू शर्मा)बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई में 13 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र मेला के दौरान टैक्सी या फिर मिनी बसें चलाने के लिए किसी भी ऑपरेटर ने परमिट के लिए आवेदन नहीं किया है। ऑपरेटरों को परमिशन लेने के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर के पास आवेदन करना था। अभी तक किसी भी ऑपरेटर ने इसमें अपनी रुचि नहीं दिखाई है।
बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई में हर साल की भांति इस साल भी चैत्र मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कई टैक्सी ऑपरेटर शाहतलाई से दियोटसिद्ध मंदिर तक सवारियां ढोने का कार्य करते हैं। इससे उन्हें अच्छी कमाई भी होती है। इसके लिए उन्हें आरटीओ परमिशन जरूरी होती है। चैत्र मेला शुरू होने के लिए दो दिन का समय शेष बचा हुआ है। कोई भी आवेदन नहीं आया है तो क्या मेला में बिना परमिशन ही टैक्सियां, मिनी बसें दौड़ेंगी? इस बार प्रशासन की तलाई से दयोटसिद्घ मंदिर तक छोटी मिनी बसें लगाए जाने की योजना है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एमएल धीमान ने कहा कि चैत्र मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा के लिए परमिट वाली टैक्सियां ही मान्य होगी। जिन टैक्सी ऑपरेटरों के पास परमिट नहीं होंगे। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग के पास अभी तक किसी भी टैक्सी ऑपरेटर का परमिट परमिशन के लिए कोई भी आवेदन नहीं पहुंचा है।
