एसीसी के खिलाफ बेरोजगारों ने हल्ला बोला

बरमाणा (बिलासपुर)। सर्वशिक्षित एवं बेरोजगार जनहित संघर्ष समिति ने अपना आंदोलन और तेज कर दिया है। एसीसी सीमेंट कंपनी के खिलाफ समिति से जुृडे़ लोगों ने पहले बरमाणा में रैली निकाली। इसके बाद प्रदर्शनकारी बिलासपुर पहुंचे और रैली निकालकर माहौल गरमा दिया। प्रदर्शनकारियों ने बस स्टैंड से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। एसीसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने डीसी को ज्ञापन सौंपा।
सर्वशिक्षित एवं बेरोजगार जनहित संघर्ष समिति का एसीसी सीमेंट कंपनी के खिलाफ छेड़ा गया आंदोलन पांचवें दिन में प्रवेश कर गया है। प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को बरमाणा चौक में जोरदार धरना-प्रदर्शन कर माहौल गरमा दिया। प्रदर्शनकारी गाड़ियों में सवार होकर जिला मुख्यालय बिलासपुर पहुंचे। बिलासपुर में प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर घंटों तक धरना दिया। पूरे शहर में रैली निकाली गई। लौटते वक्त समिति के सभी सदस्य सर्किट हाउस पहुंचे और विधायक बंबर ठाकुर से मुलाकात कर अपना दुखड़ा सुनाया। गौरतलब है कि समिति ने पहले ही कंपनी प्रबंधन को अल्टीमेटम दिया था। प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था। इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिणामस्वरुप पिछले कई दिनों से बरमाणा में आंदोलन किया जा रहा है। बाहरी लोगों के रोजगार देने पर प्रतिबंध लगाने, एमओयू को सार्वजनिक करने जैसी कई मांगों को लेकर समिति आंदोलन कर रही है। समिति के प्रधान अमर सिंह ने कहा कि डीएवी एसीसी में 70-30 की प्रतिशता से अध्यापक रखने, सीवरेज सुविधा देने, विस्थापितों को 161 रुपए प्रति बोरी सीमेंट देने आदि मांगे शामिल हैं। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक वह अपना संघर्ष जारी रखेंगे। उपप्रधान परमवीर ठाकुर, सचिव अनिल कुमार, महासचिव संजय कुमार, मुख्य सलाहकार रवि कुमार, कोषाध्यक्ष राजकुमार, विक्रम, पवन शर्मा, कमलेश, राकेश कुमार, मदन शर्मा, महिला मंडलों की कई सदस्यों ने इस प्रदर्शन में भाग लिया।

Related posts