एससी वर्ग का मिणी गांव सड़क सुविधा से वंचित

रोहड़ू। गावास पंचायत के तहत अनुसूचित जाति वर्ग का मिणी गांव सड़क सुविधा से वंचित है। सड़क निर्माण के शुरू होने के सात साल बाद भी गांव में सड़क नहीं पहुंची है। ग्रामीणों ने लोनिवि को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण को पूरा करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मिणी गांव में सभी अनुसूचित जाति परिवार के लोग रहते हैं। मिणी गांव के लिए सड़क निर्माण का कार्य ईगवाला दोगरी से वर्ष 2005 में शुरू किया गया। युवक मंडल के प्रधान नारायण दास ने बताया कि कि सात साल में केवल पांच किलोमीटर सड़क बन सकी है। इस गांव को जोड़ने के लिए दूसरी ओर लाकाधार जलाला से भी सड़क निर्माण अनुसूचित जाति सड़क योजना के तहत किया जा रहा है। इस सड़क का निर्माण भी अभी तक पूरा नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक सड़क को किसी भी ओर से मिणी गांव तक पूरा नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए अनुसूचित जाति ग्राम सड़क योजना के तहत बजट का प्रावधान रखा गया था। इसके उपरांत आज भी मिणी गांव के लोगों को पैदल सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लोनिवि के एक्सईएन से मामले की जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि मिणी गांव को दोनों ओर से सड़क से जोड़ने का कार्य पूरा किया जाए।
लोनिवि के एक्सईएन करतार चंद ने बताया कि मिणी गांव के लोगों ने उनके सामने सड़क निर्माण का कार्य पूरा करने की मांग सोमवार को रखी है। हरिजन बस्ती सड़क योजना के तहत एक सड़क व अन्य स्टेट बजट से दूसरी सड़क मिणी गांव को बन रही है। अधूरी सड़क के निर्माण के लिए धन की व्यवस्था की जा रही है।

Related posts