
चंबा। एससीए चुनावों को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला के कालेजों में चुनावों के लिए बूथ स्थापित कर दिए गए हैं और शिक्षकों को चुनावी जिम्मेवारियां सौंप दी गईं हैं। सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर दो बजे तक वोटिंग का दौर चलेगा। इसके बाद तीन बजे मतगणना शुरू हो जाएगी। डिग्री कॉलेज चंबा में आठ बूथ स्थापित कर दिए गए हैं। इनमें एक बूथ पर तीन से चार अध्यापकों की तैनाती की गई है। कॉलेज प्रशासन ने चुनावी ड्यूटी के संबंध में अध्यापकों को जरूरी बातों का ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। पीजी कॉलेज चंबा की प्राचार्य मंजुला शर्मा ने बताया कि चुनावों के मद्देनजर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
कॉलेजों में लगाया पुलिस पहरा
चुनावों के मद्देनजर समस्त कॉलेजों में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। बिना आई कार्ड वाले विद्यार्थियों को कॉलेज गेट के अंदर एंट्री नहीं मिलेगी और इसके बिना विद्यार्थी अपना वोट भी नहीं डाल सकेंगे। कोई भी छात्र संगठन कॉलेज गेट के सौ मीटर के दायरे के अंदर अपना प्रचार बूथ स्थापित नहीं कर सकेगा।
