
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक ज्वेलर्स की दुकान में डकैती डालने वाले एक और बदमाश को एसटीएफ की टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया है। लखनऊ एसटीएफ की टीम की एक लाख के इनामी बदमाश अनुज प्रताप सिंह को ढेर कर दिया। अनुज का साथी फरार होने में कामयाब हो गया। यह मुठभेड़ यूपी के उन्नाव जिले में हुई है।
घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बदमाश की पहचान अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले अनुज प्रताप सिंह पुत्र धर्मराज सिंह के रूप में हुई है। जिस स्थान पर एनकाउंटर हुआ उसे सील कर दिया गया है फोरेंसिक जांच कर रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुल्तानपुर आभूषण दुकान डकैती मामले का दूसरा आरोपी सोमवार को उन्नाव में उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। एसटीएफ ने पांच सितंबर को एक अन्य आरोपी मंगेश यादव को मार गिराया था, जिससे राजनीतिक विवाद पैदा हो गया था और समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस ने इस मुठभेड़ को फर्जी बताया था।
