एसएसए को केंद्र से मांगे 89 करोड़

मंडी। सर्व शिक्षा अभियान में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए जिले से 89 करोड़ का प्लान तैयार कर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया है। चालू वित्तीय वर्ष में एसएसए के बजट में कटौती के कारण जिला मंडी को 34 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। जिले से आगामी वित्तीय वर्ष के लिए सर्व शिक्षा अभियान में कुल 89 करोड़ का प्लान कर प्रदेश सरकार के माध्यम से केंद्र को मंजूरी के लिए भेजा गया है। सर्व शिक्षा अभियान में स्कूलों में आधारभूत ढांचा, शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ट्रेनिंग प्रोग्राम जैसे कार्यों के लिए केंद्र से बजट मिलता है। चालू वित्तीय वर्ष में जिले से 69 करोड़ का प्लान तैयार कर भेजा गया था। केंद्र से मात्र 34 करोड़ की राशि ही जिले के लिए मंजूर हुई थी। जिससे अभियान के तहत कई कार्यों के बजट में कटौती करनी पड़ी।
सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना अधिकारी मोहिंद्र पाल ने बताया कि एसएसए में आगामी वित्त वर्ष के लिए 89 करोड़ का प्लान स्वीकृति के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि प्लान के अनुसार केंद्र से कितना पैसा मिलता है, यह तो स्वीकृति आने के बाद ही पता लगेगा। चालू वित्त वर्ष में प्लान के मुताबिक जिले को आधा ही बजट मिला था।

Related posts