एसएमएस से मिलेगी बिजली बिल की जानकारी

शिमला। बिजली कंपनी घरेलू उपभोक्ताओं को मोबाइल पर एसएमएस भेजकर बिल की सूचना देगी। बिल कितना है, कब तक जमा कराना है, समय पर बिल जमा न कराने और जुर्माने की जानकारी उपभोक्ताओं को एसएमएस से दी जाएगी। बिल जमा करवाने के बाद भी उपभोक्ताओं को मैसेज आएगा। बिजली कंपनी इन दिनों आम उपभोक्ताओं के घरों में उद्योग क्षेत्रों की तर्ज पर इलेक्ट्रॉनिक बिजली मीटर लगाने के अंतिम चरण में जुटी है।
नए मीटर लगने से बिजली चोरी करने वालों पर अंकुश लगेगा। नए बिजली मीटर लगने के बाद शुरू होने वाली एसएमएस योजना से उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में बिल जमा करवाने के लिए घंटों इंतजार भी नहीं करना होगा। मैसेज मिलने पर उपभोक्ता घर बैठे ही ऑनलाइन बिल भी जमा कर पाएंगे।

हजारों उपभोक्ताओं को होगा लाभ
राजधानी के 95 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को आने वाले समय में एसएमएस स्कीम का लाभ मिलेगा। बिजली कंपनी को भी स्टाफ की कमी के चलते देरी से बिल बंटने की शिकायतों से नहीं जूझना पड़ेगा।

इलेक्ट्रॉनिक मीटर से नहीं होगी छेड़छाड़
राजधानी में इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगने से मीटर के साथ छेड़छाड़ करने वालों पर आसानी से शिकंजा कसा जाएगा। बिजली चोरी होने के कारण लाखों का नुकसान झेलने वाली कंपनी को पूरी राशि मिलेगी। कोई उपभोक्ता मीटर से छेड़छाड़ करता है तो कंपनी का आईटी विंग तुरंत इसके बारे में जानकारी हासिल कर कार्रवाई करने में सक्षम होगा।

योजना पर चल रहा काम : महेश
चीफ इंजीनियर और आईटी विंग के प्रभारी महेश सरकेक का कहना है कि बिजली कंपनी का आईटी विंग इस योजना पर काम कर रहा है। आईटी विंग की देखरेख में इस योजना को चलाया जाएगा। जल्द ही इस योजना को शुरू किया जाएगा।

Related posts