
नाहन (सिरमौर)। जिला की एसएफआई इकाई ने विश्व विद्यालय के कुलपति की संदिग्ध कार्यप्रणाली एवं सेमेस्टर सिस्टम के खिलाफ शुक्रवार को कालेज परिसर में विशाल धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान इकाई से दर्जनों छात्रों ने सेमेस्टर सिस्टम का विरोध कर नारेबाजी की।
इस अवसर पर एसएफआई के कैंपस सचिव अमित कुमार ने कहा कि विवि प्रशासन के अंदर जब से एडीएन वाजपेयी ने कुलपति का कार्यभार संभाला है तब से लगातार छात्र विरोधी निर्णय लिए जा रहे हैं। साथ ही फीस को बढ़ाकर पढ़ाई को आम छात्रों की पहुंच से दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में सेमेस्टर सिस्टम लागू होने से लगभग 40 हजार छात्र शिक्षा के अधिकार से वंचित रह जाएंगे।
एसएफआई ने मांग की है कि सेमेस्टर सिस्टम के अंदर व्याप्त मूलभूत कमजोरियों को समय रहते दूर किया जाए। साथ ही वाजपेयी को कुलपति के पद से हटाया जाए। एसएफआई ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो एसएफआई प्रदेश भर में उग्र आंदोलन खड़ा करेगी जिसके लिए सरकार और प्रशासन जिम्मेवार होगा।
इस मौके पर इकाई अध्यक्ष शगुन कुमार, छात्रा समन्वयक प्रियंका, जगत नेगी, मीनाक्षी, दीक्षा, भारती, विनोद नेगी, अंकिता, सतीश, अनिल, विकास, योगेश, रवि, सुनील, सुमन, प्रेम, तपेंद्र एवं राहुल सहित दर्जनों छात्र उपस्थित थे।
