
ठियोग (शिमला)। स्थानीय कॉलेज की एसएफआई इकाई ने वीरवार को बस किराये में की गई बढ़ोतरी के विरोध में कॉलेज परिसर में रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इसके बाद छात्र संगठन ने तहसीलदार ठियोग एमआर भारद्वाज के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भी भेजा। इसके बाद छात्र नेताओं ने बस अड्डे में एक आम सभा का भी आयोजन किया।
इकाई अध्यक्ष विकास वर्मा ने कहा कि महंगाई के इस दौर में पहले ही लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अब बस किराये में बढ़ोतरी से तो बस सेवा भी आम लोगों की पहुंच दे दूर हो गई है। छात्र संगठन ने साफ कर दिया कि अगर समय रहते बस किराये को कम नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर रोहित, संदीप, किरण, रजनी वर्मा, दीक्षा, विनोद रमण सहित करीब साठ लोगों ने उपस्थित थे।
किराये में तीस फीसदी बढ़ोतरी की कड़ी निंदा
ठियोग (शिमला)। सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ ठियोग की बैठक का आयोजन सराय हॉल में किया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ प्रधान बीआर शर्मा ने की। इसमें बसों के किराये में तीस फीसदी बढ़ोतरी की कड़ी निंदा की गई। संघ ने कहा कि तीस फीसदी बढ़ोतरी का असर आम लोगों पर पड़ेगा। संघ के सदस्यों ने येलो, स्मार्ट और ग्रीन कार्ड पर यात्रा को साठ किमी करने की मांग की। बैठक में उपाध्यक्ष रामसरण, कोषाध्यक्ष टीआर वर्मा, महा सचिव मोहन सिंह के अलावा अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
