एसएफआई ने रूसा पर करवाया ओपिनियन पोल

मंडी। प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों में शुरू की गई राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान प्रणाली के विरोध में एसएफआई ने ओपिनियन पोल का आयोजन किया। राज्यव्यापी आह्वान पर मंडी वल्लभ महाविद्यालय में भी रूसा पर छात्रों की राय ली गई। करीब 875 छात्र-छात्राओं ने रूसा पर ओपिनियन पोल डाला। इसमें 599 छात्र-छात्राओं ने रूसा के विरोध में मत डाला। एसएफआई कालेज इकाई प्रधान लोकपाल तथा सचिव सागर ने बताया कि कालेज ग्राउंड में गुप्त मतदान करवाया गया। जिसमें सतर फीसदी छात्रों ने रूसा का विरोध किया है।
एसएफआई पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में विश्वविद्यालय में हुए एक समारोह में बयान दिया था कि यह प्रणाली आम छात्रों के हक में है एवं कुछ प्राध्यापक छात्र संगठनों के साथ मिलकर इसका विरोध कर रहे हैं, लेकिन ओपिनियन पोल से हकीकत साफ हो गई है। इकाई प्रधान लोकपाल ने कहा कि रूसा लागू होने से मंडी कॉलेज में इस बार एक हजार दाखिले कम हुए। विषयवार सीटें निर्धारित होने से कई गरीब परिवारों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंध रखने वाले विद्यार्थी पढ़ाई से वंचित रह गए हैं। वहीं जो कक्षाएं इस प्रणाली के तहत चल रही हैं, उनमें अभी भी सिलेबस, टेस्ट और परीक्षाओं के बारे में नियम निर्धारित नहीं हो पाए हैं। कमरों और प्राध्यापकों की कमी के कारण कई विषयों की कक्षाएं नहीं लग रही हैं। एसएफआई ने मांग की है कि इस प्रणाली को तुरंत बदलकर पुरानी पद्घति को लागू किया जाए। इस अवसर पर कमलजीत, ललित कुमार, गायत्री, यशपाल, कमल, सुधीर, तरुण, टेक चंद, भावना, सुनीता, पूजा एवं अजय मौजूद रहे।

Related posts