एमसी ने रुकवाया पीडब्ल्यूडी का अवैध निर्माण

शिमला। राजधानी में अवैध निर्माण करने में सरकारी महकमे भी पीछे नहीं हैं। ऐसे ही एक मामले का पर्दाफाश शुक्रवार को हुआ है। कसुम्पटी में टाइप टू, ब्लाक नंबर एफ के समीप लोक निर्माण विभाग बिना किसी अनुमति के भवन निर्माण करता हुआ पकड़ा गया है। इतना ही नहीं अवैध निर्माण के साथ-साथ विभाग ने एक पेड़ की जड़ें तक खोखली कर बीच से पिल्लर निकाल दिए हैं। मामले की सूचना मिलते ही नगर निगम की वन शाखा ने मौके पर जाकर कार्रवाई की। वन मंडलाधिकारी इंद्रकुमार ने बताया कि पेड़ को नुकसान पहुंचाने के आरोप में लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता सहित निर्माण कर रहे ठेकेदार की 85 हजार की डैमेज रिपोर्ट काट दी है। बिना अनुमति चल रहे निर्माण को भी रुकवा दिया गया है। वन शाखा ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर निगम की वन शाखा के मुताबिक शुक्रवार को एक स्थानीय व्यक्ति की शिकायत पर मौके का दौरा किया गया। यहां पर लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता और ठेकेदार को सरकारी महकमों के आवास के पास एक कमरे का निर्माण करते हुए पाया गया। निर्माण के चलते एक पेड़ की जड़ों को खोखला कर उसके बीच से पिल्लर निकाले गए थे। वन शाखा ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पेड़ को हुए नुकसान का आकलन कर 85 हजार रुपये की डैमेज रिपोर्ट कनिष्ठ अभियंता और ठेकेदार के नाम से काटी है। इसके अलावा बिना अनुमति निर्माण करने के आरोप में काम भी रुकवा दिया गया है।

Related posts