
शिमला। नगर निगम की जल एवं निकाय शाखा कर्मचारी यूनियन तेरह मई को निगम आयुक्त को पंद्रह दिन का नोटिस देगी। जल एवं सीवरेज प्रोजेक्ट को ठेके पर देने के विरोध में लामबंद कर्मियों की मांग को अगर पंद्रह दिन के भीतर नहीं माना गया तो सभी कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। शहर में पीने के पानी की सप्लाई को भी ठप कर दिया जाएगा। बुधवार को इस बाबत कर्मचारी यूनियन ने आयुक्त से मुलाकात कर सारी स्थिति से उन्हें अवगत कराया।
कर्मचारी यूनियन के प्रधान प्रेम सिंह वर्मा और महासचिव दिनेश चंद्र नौटियाल ने कहा कि अभी शाखा के सभी कर्मी काले बिल्ले लगाकर विरोध जता रहे हैं। वीरवार को गेट मीटिंग की जाएगी। आयुक्त को पंद्रह दिन का नोटिस दिया जाएगा। नोटिस अवधि के भीतर अगर कोई फैसला नहीं लिया गया तो कर्मचारी विवश होकर हड़ताल पर चले जाएंगे। शहर में पानी की सप्लाई भी ठप कर दी जाएगी। इसी संदर्भ में बुधवार को आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया गया है।
