एमसी कर्मचारियों को बढ़कर मिलेगी सेलरी

शिमला। नगर निगम के 1400 से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों को अगस्त की बढ़ी हुई तनख्वाह मिलेगी। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने जनवरी से आठ फीसदी महंगाई भत्ता देने की घोषणा की थी, जिसे निगम प्रशासन ने अमलीजामा पहना दिया है। महंगाई भत्ते की अगस्त की किस्त इस माह दिए जाने वाली तनख्वाह में जुड़कर आएगी। जनवरी से लेकर जुलाई की किस्त जीपीएफ में जुड़ेगी। महंगाई भत्ता देने के चलते नगर निगम पर सवा करोड़ का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। करीब पंद्रह लाख की राशि का नकद भुगतान किया जाना है। नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने अगस्त की किस्त का नकद भुगतान करने की पुष्टि की है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, ऐसे में पंद्रह लाख नकद और करीब एक करोड़ जीपीएफ में डालने की समस्या खड़ी हो गई है। नगर निगम में करीब 1400 कर्मचारी तैनात हैं। प्रति माह करीब तीन करोड़ की राशि तनख्वाह और पेंशन देने में व्यय होती है। नगर निगम की आमदनी के साधन सीमित हैं। शहर में विकास कार्यों को चलाए रखने के साथ-साथ तनख्वाह का इंतजाम करना भी नगर निगम प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।

Related posts