एमडी से बदसलूकी पर कर्मी-तीमारदार खफा

चंबा। लंच ब्रेक के वक्त भी मरीजों का चैकअप करने वाले एमडी डा. जितेंद्र महाजन के साथ हुई बहस पर क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में कार्यरत कर्मियों और मरीजों के तीमारदारों ने रोष जताया है। उन्होंने इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की भी मांग की है। उल्लेखनीय है कि शनिवार को दोपहर के वक्त तेलका निवासी एक मरीज एमडी के कमरे में लाइन तोड़ कर घुस गया। इस दौरान उसने एमडी से पूछा कि उसकी बारी कब आएगी? एमडी ने उसे तीन बजे का समय दिया। इस पर मरीज नाराज हो गया और एमडी के साथ बदसलूकी करने लगा। काफी देर तक एमडी रूम में डा. जितेंद्र महाजन के साथ बहस की और ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड की जेब भी बीच -बचाव में फाड़ दी थी। इसके बाद एफआईआर तक की नौबत आ गई थी। एमडी के मना करने पर पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है। स्वास्थ्य कर्मी व तीमारदार दिनेश ठाकुर, विजय कुमार, पवन, ओमप्रकाश, बबल, हरीश सिंह, चिंता कुमारी, अनु टंडन, सपना कुमारी, विंता कुमारी, मीनू, सुरेंद्र ने बताया कि एमडी रूम के बाहर पूरा दिन मरीजों की कतारें लगी रहती है। एमडी डा. जितेंद्र महाजन सारा दिन अच्छे से मरीजों का चैकअप करते हैं। वह लंच ब्रेक के दौरान भी मरीजों का चैकअप करते रहते हैं। मरीजों के तीमारदारों ने बताया कि एमडी पूरी ईमानदारी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। चैकअप के लिए अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों को संयम बरतना चाहिए।
क्षेत्रीय अस्पताल में चौथी मंजिल में एमडी जितेंद्र महाजन के साथ हुई बहस के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एमडी रूम में एक और गृहरक्षक की तैनाती कर दी है। क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस ने बताया कि एमडी रूम में मरीजों की काफी भीड़ रहती है। अस्पताल प्रबंधन ने यह कदम उठाया है। चंबा के चौकी प्रभारी मनोज वालिया ने बताया कि बहस के बारे में सूचना मिली थी। आपसी रजामंदी के कारण मामला दर्ज नहीं हो पाया था।

Related posts