
कांगड़ा। सिविल अस्पताल कांगड़ा में तैनात मेडिसिन विशेषज्ञ डा. अरविंद शर्मा का तबादला चंबा करने के फैसले पर स्थानीय लोगों ने रोष जताया है। इनका कहना है कि अरसे बाद एमडी डाक्टर की तैनाती होने से कांगड़ा विस क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूरदराज और निजी अस्पतालों के चक्करों से छुटकारा मिला था। जिला पार्षद प्रतिभा कुमारी, नगर पार्षद सुषमा वर्मा, विश्वकांत शर्मा, व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य पंडित रवि शंकर, चंगर संघर्ष समिति अध्यक्ष संदीप चौधरी, नंदरूल पंचायत उपप्रधान संजीव चौधरी, सहौड़ा पंचायत उपप्रधान बिजू चौधरी, समाजसेवी रमेश सैणी, मुकेश मेहरा ने कहा कि सिविल अस्पताल से मेडिसिन विशेषज्ञ डाक्टर का तबादला होने से गरीब और ओबीसी वर्ग को टांडा मेडिकल कॉलेज में दिन भर इलाज के लिए खड़ा रहना पड़ेगा।
उधर, इंटक नेता रमेश सैणी ने इस मामले में कड़ा संज्ञान लिया है। सैणी ने कहा कि जिला चंबा अस्पताल में पहले से ही एमडी डाक्टर तैनात है। कांगड़ा सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए उन्होंने अनशन जैसे कदम उठाकर काफी संघर्ष किया है। कांगड़ावासियों से स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर धोखा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो अनशन जैसे कदम उठाने से वे गुरेज नहीं करेंगे।
सीएम से करूंगा बात : काजल
विधायक पवन काजल ने कहा एमडी चिकित्सक के तबादले की जानकारी उन्हें नहीं है। अगर सिविल अस्पताल से किसी विशेषज्ञ डाक्टर का तबादला हुआ है तो मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से चर्चा कर जनता के हित में इसे रद्द करवाया जाएगा या उनकी जगह शीघ्र ही विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती करवाई जाएगी।
