
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ कालेज में एबीवीपी ने अपना 62वां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया। इस मौके पर सोलन और सिरमौर के संगठन मंत्री अनुपम लखनपाल ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने एबीवीपी के इतिहास और विकास की जानकारी देते हुए कहा कि एबीवीपी हमेशा छात्रों के हितों के लिए कार्य किया। उन्होंने एबीवीपी के कैंपस बचाओ, असम आंदोलन और आज का छात्र-आज का नागरिक आदि आंदोलनों के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने एबीवीपी की रचनात्मक प्रतिनिधित्व गतिविधियों की भी जानकारी दी।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद 150वीं जयंती पर वर्ष भर में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके एबीवीपी के 42 छात्रों ने विवेकानंद के जीवन पर प्रचार व प्रसार के लिए एक वर्ष मुफ्त कार्य करने के लिए तैयार हुए हैं। पूरे देश से एबीवीपी के ऐसे एक हजार छात्र निशुल्क सेवाएं देंगे। नालागढ़ कालेज के प्रभारी गगनदीप शर्मा ने कहा कि एबीवीपी रूसा का विरोध इसलिए कर रही है कि यह छात्रों के हित में नहीं है। विवि सौ करोड़ रुपये की ग्रांट लेने के चक्कर में इसे लागू करने जा रही है जबकि स्टाफ और इंफ्रास्ट्रक्चर का कालेजों में अभाव है। इस मौके पर तहसील संयोजक हितेंद्र पाल सिंह ने कालेज में पार्क बनाने तथा पार्किंग की मांग रखी। उन्होंने कालेज में छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने की भी मांग रखी। उन्होंने कहा अगर उनकी यह मांगे पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर हरविंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह और आशीष गुलेरिया ने भाग लिया।
