
नाहन (सिरमौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नाहन कालेज में नए छात्रों को फीस जमा करने और रूसा लागू करने के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्राचार्य का घेराव किया। एबीवीपी के संयोजक मुकेश चौहान ने बताया कि महाविद्यालय में व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। छात्रों की फीस जमा नहीं हो रही है। कालेज प्रशासन की ओर से उनके फार्म वापस थमाए जा रहे हैं। इससे नए छात्रों और उनके अभिभावकों को दिक्कतें हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और विवि प्रशासन 100 करोड़ रुपयों में प्रदेश के छात्र छात्राओं का भविष्य बेचने जा रहे हैं। साथ ही शिक्षा में गुणवत्ता को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। इसे विद्यार्थी परिषद किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व राज्य में ग्रेडिंग सिस्टम शुरू कर दिया गया है। इसका परिणाम आज सबके सामने है। अब महाविद्यालयों में सेमेस्टर सिस्टम थोपा जा रहा है। इससे शिक्षा का निजीकरण और व्यापारीकरण और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि एबीवीपी चेतावनी देती है कि शीघ्र ही सेमेस्टर सिस्टम को बंद नहीं किया गया तो राज्यव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। इस मौके पर इकाई सचिव विकास कन्याल, ओमप्रकाश कन्याल, मामराज, बारू राम, सचिन चौहान, राजेश कन्याल, बलवंत शर्मा, कुलदीप, पारस, हरजीत कौर, प्रियंका, नैना चौहान, अजय, अरूण नेगी, कपिल, कुलदीप, अजय आदि मौजूद थे।
