
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए। बाद में सभी पदों में एक-एक प्रत्याशी का पर्चा दाखिल होने के कारण सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। अब शनिवार को छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह होगा। सभी निर्वाचित पदाधिकारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) समर्थित हैं। एबीवीपी ने लगातार दूसरी बार महाविद्यालय छात्र संघ में कब्जा जमाया है।
चुनाव अधिकारी डा.टीबी सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर नवीन कुमार, उपाध्यक्ष पद पर प्रकाश बोरा, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर हिमानी चावला, महासचिव शैलेश मेहता, उप सचिव सुनील धानिक और कोषाध्यक्ष पद पर विजय महरा को निर्वाचित घोषित किया गया है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पद पर सचिन पांडे और कला संकाय प्रतिनिधि के पद पर त्रिभुवन उपाध्याय चुने गए हैं। प्राचार्य डा.डीसी पांडे ने निर्वाचित पदाधिकारियों की सूची जारी की। 14 सितंबर को छात्र संघ शपथ ग्रहण समारोह होगा।
