एफआरयू सलूणी को जल्द मिलेगी जमीन

धर्मशाला। तपोवन विस सत्र की कार्यवाही के दौरान स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि एफआरयू सलूणी के लिए जल्द ही जमीन मुहैया करवाई जाएगी। विभाग ने जो भूमि देखी है, उसकी वन विभाग से एनओसी ले ली जाएगी तथा निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। डलहौजी की विधायक आशा कुमारी की ओर से प्रश्नकाल में उठाए सवाल के जवाब में कौल सिंह ने कहा कि सलूणी एफआरयू अस्पताल के लिए जल्द ही नये भवन का निर्माण करवाया जाएगा। साथ ही पीएचसी बरांगल के लिए नए भवन का निर्माण किया जाएगा। जिसके लिए शिक्षा विभाग से कुछ जमीन का हस्तांतरण करवाया जाएगा। पीएचसी के भवन निर्माण के लिए बजट का प्रावधान कर दिया गया था, लेकिन जमीन न मिल पाने के चलते उक्त बजट को दूसरे विकास कार्य में खर्च कर दिया गया। कौल सिंह ने कहा कि जमीन का हस्तांतरण होते ही बरांगल पीएचसी के भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा तथा बजट का भी प्रावधान जल्द ही कर दिया जाएगा। इसके अलावा पीएचसी सुंडला के भवन निर्माण के लिए मौजूदा वित्तीय वर्ष में 14.08 लाख के बजट का प्रावधान किया गया है, लेकिन शिक्षा विभाग से 20 बीघा जमीन के हस्तांतरण के चलते यह कार्य रुका है। सरकार जल्द ही भूमि को हस्तांतरित करवाकर निर्माण कार्य शुरू करवाएगी।

Related posts