एनओसी न मिलने से टैक्सी मालिक परेशान

हमीरपुर। आबकारी कराधान विभाग से एनओसी न मिलने के कारण टैक्सी मालिक परेशान हो रहे हैं। टैक्सी मालिकों ने विभाग पर जानबूझकर तंग करने का आरोप लगाया है। विभाग भी टैक्सी चालकों पर सहयोग न करने का आरोप लगा रहा है। इसके चलते दोनों में विवाद बढ़ता जा रहा है।
टैक्सी चालक कह रहे हैं कि विभाग के पास पेनल्टी सहित पूरा टैक्स जमा करवा दिया गया है लेकिन इसके बावजूद विभाग मालिकों को एनओसी जारी नहीं कर रहा है। दूसरी ओर विभाग का तर्क है कि टैक्सी मालिकों को अंदाजे से बकाया राशि के बारे में जानकारी दी थी जो अपनी मर्जी से जमा करवा दी है।
डिफाल्टर टैक्सी मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं लेकिन टैक्सी मालिक न नोटिस स्वीकार कर रहे हैं और न ही पूर्व में टैक्स न जमा करवाने को लेकर कोई स्पष्टीकरण दे रहे हैं। बकाया टैक्स राशि की गणना चल रही है। अंतिम आंकड़ा आने के पश्चात राशि जमा होने पर ही एनओसी जारी की जाएगी। विजय कुमार, नरेंद्र कुमार, गोपाल कृष्ण, सोनी कुमार, सन्नी कुमार, सुनील कुमार, राकेश कुमार, चमेल सिंह, मदन लाल, शक्ति चंद, विक्रम सिंह, प्यार चंद, सुरेश कुमार, पवन कुमार, नीलू का कहना है कि पहले ही टैक्स जमा करवा दिया गया है तो नोटिस क्यों लें। विभाग को टैक्स जमा करवाने की रसीदें भी सौंप दी हैं लेकिन एनओसी जारी नहीं की जा रही है।

क्या है मामला
आबकारी कराधान विभाग के रिकार्ड खंगालने पर मामला उजागर हुआ कि चार दर्जन से अधिक टैक्सियों का पूरा टैक्स जमा नहीं हुआ है, जबकि प्रदत्त रसीद में राशि पूरी दर्ज की गई है। करीब तीन साल से गड़बड़झाला चल रहा था। टैक्सी मालिकों ने एक प्रतिनिधि को जिम्मेवारी सौंप रखी थी और उसी ने गड़बड़ी को अंजाम दिया। मसला उजागर होने के पश्चात विभाग हरकत में आया, दूसरी ओर टैक्सी मालिकों ने भी बकाया राशि की जानकारी जुटाकर जमा करवा दी लेकिन एनओसी नहीं मिल रही है। तो विभाग प्रक्रिया के तहत डिफाल्टरों को नोटिस जारी कर चुका है, जिसे लेने से टैक्सी मालिक इंकार कर रहे हैं।

प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र जारी करेंगे एनओसी : सहायक आयुक्त
आबकारी कराधान अधिकारी हरदेव देहल का कहना है कि टैक्सी चालकों के कर निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। उधर, सहायक आयुक्त आबकारी कराधान विभाग हमीरपुर रविंद्र कुमार का कहना है कि जिन्हें टैक्स, पेनल्टी के संबंध में जानकारी दे दी गई थी और जिन लोगों ने पैसे जमा करवा दिए हैं उन्हें जल्द ही प्रक्रिया पूर कर एनओसी जारी कर दी जाएगी।

Related posts