
मंडी(ओमप्रकाश)नेशनल स्टूडेंट यूनियन आफ इंडिया मंडी जिले की कार्यकारिणी की बैठक नवनियुक्त प्रधान कमलेश रावत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एनएसयूआई के प्रदेश सचिव हमीत जंबाल ने विशेष तौर पर शिरकत की। बैठक में संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। नवनियुक्त प्रधान कमलेश रावत ने सभी कॉलेजों के पदाधिकारियों को संगठन से नए छात्रों को जोड़ने के लिए काम शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एनएसयूआई छात्र हितों की रक्षा के लिए काम करती है और आगे भी अपने मकसद पर काम करेगी। कहा कि जिला में इस बार सभी कॉलेजों में एनएसयूआई अपना परचम लहराएगी। कहा कि वल्लभ कॉलेज मंडी की तरह अन्य कॉलेजों में भी एनएसयूआई अन्य छात्र संगठनों का सफाया करेगी और छात्र हित के लिए काम करेगी। एनएसयूआई ने मंडी कॉलेज में छात्र हितों के लिए लगातार संघर्ष किया है। इस कारण ही बारह वर्षों बाद यहां एनएसयूआई ने अपना परचम लहराया है। उन्होंने दावा किया है कि मंडी जिला में इस बार एनएसयूआई हर कालेज में पूरे पैनल में कब्जा जमाएगी। जिला अध्यक्ष नियुक्त होने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एनएसयूआई यदुपति ठाकुर, बल्ह युकां के उपप्रधान बलदेव और युवा खेल विकास प्राधिकरण के निदेशक हेमराज का आभार जताया। इससे पहले नवनियुक्त जिला अध्यक्ष कमलेश रावत का मंडी पहुंचने पर पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। बैठक में एमएसएसएम कॉलेज से निखिल, बासा से विनोद, जोगेंद्रनगर से दुष्यंत और जिला सचिव विनय कुमार मौजूद रहे।
