
धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला की एनएसयूआई इकाई ने एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर का पुतला जलाया। एचपीसीए की ओर से कथित तौर पर कॉलेज की भूमि पर कब्जा करने के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में पुतला दहन और प्रदर्शन किया। एनएसयूआई प्रदेश महासचिव गौरव कुमार की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य के माध्यम से राज्यपाल उर्मिला सिंह को ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें उन्होंने एचपीसीए की ओर से कब्जाई कॉलेज की भूमि को वापस दिए जाने की मांग की। साथ ही कॉलेज के रोके गए रास्ते को भी छोड़ने की मांग की। एनसयूआई ने चेताया है कि यदि एचपीसीए ने उनकी मांगों को जल्द न माना तो वह सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे और आंदोलन भी उग्र करेंगे। इस मौके पर एनएसयूआई कार्यकर्ता पुनीत धीमान, अमन, विवेक, शालू, रोहन, शगुन, राहुल, अभिषेक और सुरेश आदि मौजूद रहे।
