
चंबा। कालेज की समस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने शुक्रवार को कालेज परिसर में रैली निकाली। इस मौके पर कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई । एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला ने बताया कि कालेज में कई दिनों से पानी की सप्लाई सुचारु रूप से नहीं हो रही है। इस कारण छात्रों को पानी के लिए यहां वहां भटकना पड़ रहा है। इसके अलावा कालेज में कक्षाएं भी शुरू नहीं हो पाई हैं। इस कारण दूरदराज से आने वाले छात्रों को बेकार बैठकर समय बिताना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कालेज प्रशासन के उदासीन रवैये के कारण छात्रों को काफी पेरशानी झेलनी पड़ रही है। कालेज में बस पास काउंटर न खुलने के कारण छात्रों को बस अड्डे पर सारा दिन लाइनों में खड़े होकर बस पास बनाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कालेज प्रशासन से मांग की है कि कालेज में बस पास काउंटर खोला जाए। इसके अलावा कालेज के गेट पर गेटकीपर की नियुक्ति की जाए। साथ ही जिन छात्रों को स्कालरशिप नहीं मिली है उनकी स्कालरशिप जल्द जारी की जाए। इस अवसर पर एनएसयूआई के परिसर उपाध्यक्ष परविंद्र ठाकुर, सचिव सूरज प्रकाश, महासचिव दीपक, प्रेस सचिव जीवन, अजीत, महिंद्र, बिंदु, सोनू ठाकुर, विनोद, बब्बल, सुभाष, भोलू, साहिल, सुरेश, अनिल, त्रिलेाक, रवि और कपिल मौजूद रहे।
