
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर कॉलेज में मंगलवार को नामांकन पत्र भरने के बाद एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। जिससे कालेज परिसर में माहौल तनावपूर्ण बना रहा। एबीवीपी की ओर से मारपीट मामले की धर्मपुर पुलिस चौकी में शिकायत की गई। साथ ही परिषद ने चेतावनी दी कि अगर मारपीट करने वाले आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो चक्का जाम किया जाएगा। मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे बैज को लेकर एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कार्यकर्ता मारपीट पर उतारू हो गए। एबीवीपी के कैंपस अध्यक्ष जय किशन और सचिव सुशील कुमार ने आरोप लगाया कि एनएसयूआई के बाहरी तत्व एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को बैज उतारने के लिए धमकाने लगे। साथ ही एनएसयूआई का बैज न लगाने पर कालेज के अंदर न घुसने की बात कहने लगे। जब एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। एबीवीपी ने इसके खिलाफ कालेज प्रशासन को अवगत करवाया। वहीं, पुलिस चौकी धर्मपुर को भी लिखित शिकायत दी। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही मारपीट करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो बुधवार को चक्का जाम किया जाएगा। जिसकी जिम्मेवारी कॉलेज और पुलिस की होगी। उधर, एनएसयूआई के कैंपस प्रधान सागर सिंह ने कहा कि एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर हमला किया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
कालेज प्राचार्य रमेश दलारिया का कहना है कि कालेज कैंपस के बाहर छात्र संगठनों के बीच आपसी झड़प हुई है। इस बारे में पुलिस को सूचित किया गया। उन्होंने कहा कि उनके पास किसी भी छात्र संगठन की शिकायत नहीं मिली है। पुलिस चौकी धर्मपुर के कार्यकारी प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि एबीवीपी की ओर से मारपीट की शिकायत दी है। बुधवार को दोनों संगठनों को तलब किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
