एनएच के गड्ढों ने किया ढाई घंटे ट्रैफिक जाम

हल्द्वानी। दोपहर में लोगों द्वारा लगाए गए जाम से बामुश्किल लेागों निजात मिल पाई थी कि शाम को काठगोदाम क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बने गड्ढों ने पूरी सड़क करीब ढाई घंटे तक जाम कर दी। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कईयों की तो ट्रेन तक छूट गई। काठगोदाम पुलिस ने गड्ढे ठीक कराने के लिए एनएच के अधिकारियों और जिलाधिकारी को पत्र भेज दिया है। जिसमें लिखा गया है कि इन गड्ढों के चलते कभी भी वहां बड़ा हादसा हो सकता है।
शाम करीब पांच बजे से शुरू हुआ जाम करीब साढ़े सात बजे तक रहा। काठगोदाम क्षेत्र में रोडवेज वर्कशाप के सामने बने बड़े बड़े गड्ढों से रोजाना वहां हादसे हो रहे हैं। वाहन फंसने से जाम लग रहा है। बुधवार को भी वहां ट्रक फंस जाने से जाम लग गया। कुछ ही देर में वहां सड़क के दोेनों ओर वाहनों की करीब तीन किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। जिस पर देवीधुरा मेले से बड़ी संख्या में आने वाले वाहनों ने स्थिति को और विकराल बना दिया। जाम के कारण लोगों को पैदल ही रेलवे स्टेशन तक जाना पड़ा। कईयों की तो आठ बजे तक चलने वाली ट्रेने छूट गईं। जाम से लोगों को काफी दिक्कतें हुईं। बारिश ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया था।

Related posts