
पतलीकूहल (कुल्लू)। नेशनल हाइवे पर रायसन कैंपिंग साइट की खस्ताहाल सड़क को पक्का करने को लेकर वीरवार को जनहित मंच कुल्लू के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र ठाकुर की अगुवाई में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। महज दस मिनट तक सांकेतिक चक्का जाम किया गया। सड़क की हालत से खफा रायसन, डोभी और शिरढ़ की जनता सहित टैक्सी यूनियन, जीप यूनियन और टेंपो यूनियन के सदस्यों ने कैंपिंग साइट पर एनएच-21 के विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। जनहित मंच जिला कुल्लू के संयोजक एवं अधिवक्ता महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि एनएच की दुर्दशा के कारण उड़ रही धूल-मिट्टी के कारण आसपास के इलाके में रह रहे लोगों पर इसका असर पड़ रहा है। इस मिट्टी से कई लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
एनएच विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि साजिश के तहत कुल्लू की सड़कों को पक्का नहीं होने दिया जा रहा है। उन्होंने नेशनल हाइवे अथॉरिटी को अल्टीमेटम दिया है कि यदि आने वाले दो दिन में उनकी मांग पर कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो धरना प्रदर्शन को फिर से शुरू किया जाएगा। इसके अलावा मंच ने जनहित याचिका दायर करने की भी चेतावनी दी है।
इस अवसर पर उनके साथ मौजूद रायसन समिति सदस्य शकुंतला देवी ने भी विभाग पर तीखे प्रहार किए। उन्होेंने कहा कि विभाग अभी भी नहीं माना तो सैकड़ों की संख्या में घाटी के किसान, बागवान तथा आम जन मानस बड़े धरने प्रदर्शन से भी गुरेज नहीं करेगा। टेंपो यूनियन डोभी के अध्यक्ष हिमाल सिंह, टैक्सी यूनियन डोभी के प्रभारी मंगल सिंह, जीप यूनियन अध्यक्ष कर्मचंद, राफ्टिंग ऑपरेटर यूनियन के भगवान दास व राकेश ने भी विभाग को चेतावनी दी है कि अगर काम शुरू नहीं हुआ तो धरने को बड़ा रूप दिया जाएगा।
