एनएच की नालियां बंद होने से तबाही

पधर (मंडी)। भारी बारिश ने पधर क्षेत्र में खूब तबाही मचाई है। मंगलवार रात से हो रही बारिश से नेशनल हाईवे पर सड़क की नाली, कलवर्ट जगह-जगह बंद होने और नाली पर ल्हासे गिरने से सड़क का पानी लोगों के घरों, और दुकानों में जा घुसा। पानी के भयंकर रूप ने किसानों के उपजाऊ खेतों को भी तबाह कर दिया। मक्की के खेत पानी से लबालब हो गए हैं। क्षेत्र के दर्जनों मार्ग ल्हासे गिरने से बाधित हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग अवरुद्ध मार्गों को जेसीबी के माध्यम से बहाल करने में जुट गया है। निरंतर हो रही वर्षा मार्गों को बहाल करने में बाधा डाल रही है। राज्य मार्गों के बंद होने से दर्जनों छोटे और बड़े वाहन फंस गए हैं। दूध ढोने वाले छोटे वाहन भी फंसे हुए हैं। जिससे दुग्ध उत्पादकों को नुकसान उठाना पड़ा। नेशनल हाईवे मंडी जोगिंद्रनगर के बीच भटेहड़ गांव में नाली बंद होने से लगभग आधा किलोमीटर तक सड़क का पानी आईआरडीपी परिवार से संबद्ध रखने वाले गुगेश्वर के घर पर जा गिरा। मकान का निर्माण आईआरडीपी फंड से किया गया है। परिवार के सदस्यों ने पूरी रात घर से बाहर काटी। कुन्नू बाजार में लगभग एक किलोमीटर दूर पुल के पास नाले में निकासी बंद होने से पानी घरों व खेतों में जा घुसा। किशन चंद, सेवक राम, हरदेव सिंह, रमेश सोनी, जगदीश कुमार भरमौरिया, रवि प्रकाश, संजय कुमार, हरीश कुमार ने बाजार में सड़क की नाली की मरम्मत करने और कुन्नू पुल के पास सड़क के पानी की नाले में निकासी का उचित प्रबंध करने की मांग की है।
इधर, लोनिवि के सहायक अभियंता द्रंग आरके गुप्ता ने बताया है कि जेसीबी के माध्यम से सड़क की नाली को बहाल किया जा रहा है। कुन्नू ब्रिज के पास भी सड़क के पानी की निकासी को बहाल किया जाएगा। भारी वर्षा के कारण चौहारघाटी को जाने वाले राज्य मार्गों सहित अन्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।

Related posts