
रोहडू। रामपुर में आयोजित अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में रोहडू की छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं पर कब्जा किया है। रोहडू खंड के जोन समन्वयक एवं वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल लोअरकोटी के प्रधानाचार्य सुरेंद्र चौहान ने बताया कि एथलेटिक्स में कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रोहडू की छात्राओं ने ओवर आल चैंपियन का खिताब हासिल किया। कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुई ने विजय हासिल की है। लोकनृत्य में रोहडू स्कूल प्रथम रहा है। मार्च पास्ट में रोहडू स्कूल विजयी रहा। बैडमिंटन में आराधना पब्लिक स्कूल विजेता बना। वालीबाल में रोहडू स्कूल की छात्राएं उपविजेता रहीं। सुरेंद्र चौहान ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य, व खेल शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने रोहडू खंड से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने मांग उठाई है कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खंड स्तर से खिलाड़ियाें का चयन किया जाए। अभी खंड स्तर पर विजयी होने वाली टीम को ही जिला स्तर पर भेजा जा रहा है। जबकि कई स्कूलों के अच्छे-अच्छे खिलाड़ी उत्कृष्ठ प्रदर्शन के बाद भी जिला स्तर के लिए चयनित नहीं हो पाते हैं। यह मांग स्कूल जिला क्रीड़ा संगठन की आम सभा में रोहडू खंड की ओर से उठाई जाएगी।
