
रामपुर बुशहर। ननखड़ी ब्लॉक के प्राथमिक स्कूलों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में एथलेक्टिस मुकाबलों में कोटाधार जोन के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा। छात्रा वर्ग में निशा पुरी और छात्र वर्ग में साहिल को बेस्ट एथलीट चुना गया। शनिवार को समापन समारोह में विधायक एवं सीपीएस नंदलाल ने विजेता-उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता में लोकनृत्य में कांदल शरण प्रथम, जबकि टेंडर हार्ट स्कूल ननखड़ी द्वितीय रहा। समूहगान में टेंडर हार्ट स्कूल ननखड़ी प्रथम और नैनगढ़ द्वितीय स्थान पर रहा। एकलगान में मोहित देलठ प्रथम, रिचा खुन्नी द्वितीय स्थान पर रहे। बैडमिंटन छात्रा में ननखड़ी प्रथम, बगलती कोटाधार द्वितीय रहा। खो-खो छात्रा वर्ग में कुंगलबाल्टी प्रथम, जबकि खुन्नी जोन द्वितीय रहा। छात्र वर्ग में कुंगलबाल्टी प्रथम और बगलती द्वितीय स्थान पर रहा। कबड्डी छात्रा वर्ग में टेंडर हार्ट स्कूल ने प्रथम तथा खड़ाहण ने द्वितीय स्थान हासिल किया। छात्र वर्ग में नैनगढ़ प्रथम, टेंडर हार्ट स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। वॉलीबाल छात्रा वर्ग में टेंडर हार्ट स्कूल प्रथम और नैनगढ़ द्वितीय रहा।
इस अवसर पर विधायक ने कुंगलबाल्टी स्कूल भवन बनाने के लिए लोनिवि को एस्टीमेट तैयार करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि मुंदर-रोपलाल-गडासू सड़क को पीएमजीएमसी के तहत मंजूरी मिल चुकी है। इसकी डीपीआर भी विभाग तैयार करे। कुंगलबाल्टी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के लिए भी जगह के चयन के आदेश विभाग को दिए। इस मौके पर पंचायत समिति उपाध्यक्ष राजीव ठाकुर, ननखड़ी प्रधान देवेंद्र ठाकुर, करांगला प्रधान ज्ञान मेहता, कुंगलबाल्टी प्रधान रोमा सिंह, उपप्रधान कलम सिंह, राजू आनंद, एसएमसी प्रधान चंदी राम तथा प्रवीण नेगी आदि मौजूद रहे।
