एडीएम और एसडीएम भी करेंगे दस्तावेजों का सत्यापन

शिमला। ठहरिए! जमीन का सत्यापन करवाने जा रहे हैं या शादी का शपथ पत्र बनाने। अब तहसील में पहचान के लिए वकील या बिचौलिए की बिलकुल जरूरत नहीं। आप सीधे अधिकारी के पास अपना पहचान संबंधी कोई भी दस्तावेज ले जा सकते हैं। इसकी एक फोटोकॉपी साथ ले जाना अनिवार्य है। अफसर उसी समय उसे सत्यापित कर देगा। महज आपको पहचान संबंधी दस्तावेज की फोटो कॉपी करने के लिए दो रुपये खर्च करने होंगे। आपकी बिचौलियों को दी जाने वाली फीस बच जाएगी। जनहित में उपायुक्त ने यह निर्देश अफसरों को जारी किए हैं। अब एडीएम और एसडीएम भी दस्तावेजों के सत्यापन करने से इंकार नहीं कर पाएंगे। अगर कोई अफसर ऐसा करने में आनाकानी करता है तो सीधे उपायुक्त के पास जाकर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
क्या कहते हैं उपायुक्त
उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने कहा कि सत्यापन के लिए अब आम जनता किसी भी अफसर के पास जा सकती है। इस बारे में एडीएम और एसडीएम को भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आम आदमी की सहूलियत के लिए यह निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Related posts