
रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के तहत कूहल पंचायत के पटैना गांव से एक युवक दो सप्ताह से लापता है। पंद्रह जून को युवक एडमिशन लेने रामपुर कालेज आया था, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने शनिवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर अपने लाडले को खोजने की पुलिस से गुहार लगाई है।
पुलिस प्राथमिकी में पुरुषोत्तम दास निवासी पटैना ने कहा कि उनका पोता आशु 15 जून से घर से लापता है। वह एडमिशन लेने रामपुर कालेज आया था, लेकिन शाम को वापस घर नहीं लौटा। परिजन उसकी अब तक नाते-रिश्तेदारों समेत उसके दोस्तों के घर पर भी तलाश कर चुके हैं, लेकिन उसके बारे में कोई पता नहीं चल सका है। चोरों तरफ से निराशा मिलने पर परिजन पुलिस थाना पहुंचे और आशु को तलाशने में मदद की गुहार लगाई। एसडीपीओ सुनील नेगी ने युवक की गुमशुदगी का मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि युवक के दादा पुरुषोत्तम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है। सभी पुलिस चौकियों और थानों को उसकी फोटो भिजवा दी गई है, जिससे पुलिस कर्मियों को उसे पहचाने में आसानी हो।
