एटीएम से लाखों रुपये चुराने का प्रयास रहा असफल

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विस क्षेत्र ज्वालामुखी के साथ लगती पंचायत कथोग में मंगलवार की रात को चोरों ने एटीएम से लाखों रुपये चोरी करने का प्रयास किया। अज्ञात चोरों ने एटीएम के मोनीटर को तोड़ दिया, लेकिन एटीएम से पैसा चुराने में सफल नहीं हो पाए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पीएनबी बैंक प्रबंधक ने पुलिस स्टेशन ज्वालामुखी में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकालकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि चोर एटीएम से लाखों रुपये चुराने के प्रयास में थे। चोरों ने रात को एकांत का फायदा उठाकर एटीएम के मानीटर को तोड़ने की कोशिश की। लेकिन चोर एटीएम के कैश बॉक्स तक नहीं पहुंच पाए। सुबह जब राह जाते लोगों ने एटीएम को टूटा पाया तो इसकी सूचना बैंक में तैनात कर्मचारियों को दी। इसके बाद बैंक कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस अब अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी ज्वालामुखी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अभी तक पूरी घटना का पता नहीं चल पाया है। शक जाहिर किया जा रहा है कि स्थानीय शरारती तत्वों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया हो। पुलिस पूरी तरह से जांच में जुट गई है। वहीं, एएसआई रघुवीर सिंह ने बताया कि एटीएम का लॉक टूटा हुआ है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही चोरों को हिरासत में लिया जाएगा।

Related posts