
जवाली (कांगड़ा)। खरोटा गांव के एक व्यक्ति ने अज्ञात कॉल पर अपना एटीएम नंबर देने के बाद लाखों रुपये गवां लिए। पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खरोटा (बट्ट) निवासी हरबंस लाल के मोबाइल पर मंगलवार सुबह कॉल आई। इसमें व्यक्ति को उसका एटीएम ब्लॉक होने को लेकर सूचना दी गई।
साथ ही यह भी कहा गया कि वह तुरंत अपना एटीएम नंबर उन्हें बताएं। एटीएम ब्लॉक होने के डर से व्यक्ति ने एटीएम कार्ड चेक कर नंबर दे दिया। इसके बाद जब उन्होंने शाम को अपना खाता चेक किया तो खाते से एक लाख 57 हजार रुपये की राशि गायब पाई। इसके बाद हरबंस लाल ने पुलिस स्टेशन ज्वालामुखी में मामला दर्ज करवाया। एएसपी डा. शिव कुमार ने बताया कि व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अज्ञात नंबर को ट्रेस आउट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोग अज्ञात नंबर से कॉल आने के बाद अपने एटीएम नंबर या फिर अन्य जानकारी न दें।
