एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास

झंडूता (बिलासपुर)। विकास खंड मुख्यालय झंडूता में लगे पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में सोमवार को चोरी का प्रयास किया गया। शरारती तत्व एटीएम में घुसे। सीसीटीवी कैमरा और एटीएम का चैंबर तोड़ने के बाद वे फरार हो गए हैं। किसी भी तरह की चोरी करने में उन्हें सफलता नहीं मिली। पीएनबी के अधिकारियों की ओर से पुलिस में शिकायत पत्र सौंपने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार शरारती तत्वों ने सोमवार रात को इस घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। एटीएम में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ने के साथ ही चैंबर को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इस दौरान यह लोग एटीएम का लॉकर तोड़ने में असफल रहे। इसके चलते एटीएम के पैसे पर हाथ साफ नहीं कर पाए। उधर, पीएनबी शाखा झंडूता की ओर से पुलिस चौकी झंडूता में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार अभी तक एटीएम के लॉकर को चैक नहीं किया गया है। कंपनी के कर्मचारी आने के बाद ही पता चल सकेगा कि चोरी हुई है या नहीं। फिलहाल एटीएम मशीन से किसी भी तरह के पैसे चुराने जैसी स्थिति नहीं है। पीएनबी झंडूता शाखा के प्रबंधक डीएस भारद्वाज ने कहा कि एटीएम में लगा सीसीटीवी कैमरा व चैंबर तोड़ने बारे पुलिस चौकी झंडूता में शिकायत दर्ज करवा दी गई है।
पुलिस चौकी झंडूता के प्रभारी एएसआई पदमदेव ने कहा कि पुलिस ने शरारती तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जल्द ही शरारती तत्वों को पकड़ लिया जाएगा।

Related posts