
नेरचौक (मंडी)। बल्ह में एटीएम कार्ड बदलकर एक व्यक्ति के खाते से 30,000 की नकदी निकाल ली गई और उसे पता तक नहीं चला। पीड़ित ने इसकी शिकायत बल्ह पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। शिकायत ओम प्रकाश पुत्र गुलाब सिंह निवासी सयोहल ने करवाई है। पुलिस ने भादंसं की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता के खाते से तीन बार 10-10 हजार रुपये की नकदी निकाली गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक सोमवार सांय करीब पौने छह बजे उसने स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के एक एटीएम बूथ से पैसे निकाले। उस समय एटीएम में एक युवक मौजूद था। उसने एटीएम से पैसा निकालने में उसकी मदद की लेकिन इस बीच युवक ने एटीएम की अदला-बदली कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने एटीएम से सात हजार ही निकाले थे। बाद में पता चला कि उसके खाते से 30 हजार की राशि और भी निकाली गई है। जब तक पीड़ित बैंक पहुंचा तक 10-10 हजार की तीन किश्तों में युवक उनके एटीएम कार्ड से पैसा निकाल चुका था। कार्यवाहक एसएचओ बल्ह थाना राहुल नाथ ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। युवक की भी खोज की जा रही है।
