एजेंडा भूले, बांधे सरकार की तारीफों के पुल

शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अधिवेशन में एजेंडा दरकिनार कर सिर्फ सरकार का गुणगान हुआ। नौबत यहां तक आ गई कि पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को मंच से कहलवाना पड़ा कि वक्त जाया न करते हुए एजेंडे पर बात करें। हालांकि अधिवेशन में आए कांग्रेस विधायकों ने जरूर एजेंडे पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मुख्यमंत्री सहित सरकारी नुमाइंदों के सामने बोलने का मौका क्या मिला, कांग्रेस नेता अधिवेशन का मूल मकसद ही भूल गए। कार्यक्रम की शुरुआत में ही वक्ताओं को एजेंडे के प्रमुख बिंदुओं संगठन की रिपोर्ट, सदस्यता अभियान, लोकसभा चुनाव की तैयारी, सरकार के कार्यों का प्रचार व संगठन-सरकार में तालमेल पर बोलने का आग्रह किया गया। बावजूद इसके वक्ता एजेंडे से भटककर सरकार का गुणगान करने में जुअ ग्ए।
शिमला ग्रामीण ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि संगठन बढ़िया काम कर रहा है। हर महीने बैठक होती है। लोकसभा चुनाव में और अधिक लीड दिलाएंगे। रामपुर के अध्यक्ष सतीश वर्मा ने कहा कि क्षेत्र को 15 जोन में बांटा है। यहां से निरंतर फीड बैक आती है। ठियोग के अध्यक्ष नत्थूराम ने विधानसभा चुनाव में बढ़िया प्रदर्शन की बात कही। हर महीने आठ पंचायतों की बैठक करने की बात भी कही। कोटखाई के अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि रोहित ठाकुर को बड़े मार्जन से जीताया है, अभी तक सर्वाधिक 6500 मेंबरशिप है। कसुम्पटी के अध्यक्ष अतर सिंह ठाकुर ने सरकार के सौ दिन के कार्यों की सराहना की और कहा कि हर महीने बैठकें भी करते हैं। चौपाल कांग्रेस के प्रतिनिधि हरी नंद मेहता ने चुनाव में ब्लाक कांग्रेस के निष्क्रिय रहने की शिकायत की। रोहड़ के अध्यक्ष ईश्वरदास छवारू ने रोहड़ूू में गैर संविधानिक तरीके से हुए संगठनात्मक चुनाव व फर्जी मेंबरशिप पर सवाल उठाए। उन्होंने पार्टी व सरकार के बीच समन्वय के लिए मंत्रियों को जिलों का समन्वयक तैनात करने का सुझाव भी दिया।

Related posts