हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (एचपीसीयू) 31 विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन, 16 विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा और आठ विषयों में सर्टिफिकेट कोर्स करवाएगा। इसके लिए सीयूईटी-2025 में सम्मिलित अभ्यर्थी तीन जून सायं पांच बजे तक समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स के लिए पंजीकरण फीस सभी कैटेगरी से 500 रुपये वसूली जाएगी, जबकि सेल्फ फाइनेंसिंग पाठ्यक्रमों-कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले सभी श्रेणी के छात्रों के लिए पंजीकरण फीस 1000 रुपये होगी, जिसे वापस नहीं किया जाएगा। प्रवेश के बारे में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। सीयू की ओर से जारी अधिसूचना के तहत पात्र अभ्यर्थी तीन जून तक अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। पहली चयन सूची को वेटिंग लिस्ट के साथ 11 जून को जारी किया जाएगा, जबकि चयनित अभ्यर्थी 14 जून तक फीस जमा करवा सकेंगे। इसके अलावा दूसरी चयन सूची 17 जून को जारी होगी, जिसके लिए फीस जमा करवाने का समय 21 जून तक रहेगा। वहीं सीयू प्रशासन तीसरी चयन सूची 24 जून को जारी करेगा और चयनित अभ्यर्थी 28 जून तक फीस जमा करवा सकेंगे।