
शिमला। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मुसीबतें थमने का नाम नहीं ले रहीं। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम के बाद अब एचपीसीए के अधीन क्रिकेट अकादमी लालपानी जांच के घेरे में है। नक्शा नामंजूर होने के बावजूद ग्रीन बैलट एरिया में एचपीसीए ने यहां चार मंजिला भवन बना दिया है। भाजपा शासन काल में प्रशासन ने अनियमितताओं को नजरअंदाज किया, लेकिन अब एचपीसीए को नगर निगम ने नोटिस जारी कर पंद्रह दिन में जवाब मांगा है। इसकी पुष्टि नगर निगम के वास्तुकार योजनाकार केएस चौहान ने की है।
भाजपा शासन काल में लालपानी में क्रिकेट अकादमी को 9265.21 वर्ग मीटर जमीन दी गई। जिस जगह जमीन दी गई, वह ग्रीन बैलट एरिया में है। यहां निर्माण की अनुमति नहीं दी जाती। एचपीसीए ने करीब तीन साल पहले रिस्ट्रिकटिड एरिया कमेटी के पास भवन निर्माण की स्वीकृति के लिए नक्शा भेजा लेकिन कमेटी ने नक्शा नामंजूर कर दिया। बावजूद इसके एचपीसीए ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इस साल मई में नगर निगम ने एचपीसीए से जवाब तलब किया और मौके का मुआयना किया। छानबीन में यह निर्माण अवैध पाया गया है। नगर निगम ने एचपीसीए के उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर के नाम नोटिस भेजा है। तर्क दिया जा रहा है कि इनके नाम से ही नक्शा स्वीकृति के लिए आया था। लीज में भी इन्हीं का नाम है।
——
नोटिस का जवाब देंगे : ठाकुर
एचपीसीए के उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि अभी तक उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है। नोटिस मिलने पर वे इसका जवाब दे देंगे।
—–
भेज दिया है नोटिस : चौहान
नगर निगम के वास्तुकार योजनाकार केएस चौहान ने कहा कि छानबीन के बाद अनियमितताएं पाई गई हैं। नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
———
बरसों बाद टूटी एमसी की नींद
नगर निगम को दो साल बाद पता चला कि एचपीसीए ने ग्रीन बेल्ट एरिया में बहुमंजिला भवन खड़ा कर दिया। भवन रातोंरात नहीं बना है। बरसों बाद अब नगर निगम की नींद टूटी अब नोटिस जारी कर जवाब के बाद कार्रवाई का दम भरा जा रहा है।
