एचडीए सचिव और अभियंता की पेशी आज

हरिद्वार। एचडीए के सचिव गिरधारी सिंह रावत और अधिशासी अभियंता अनिल कुमार त्यागी को बुधवार को उत्तराखंड राज्य सूचना आयोग में पेश होना पड़ेगा। अनिल कुमार त्यागी एचडीए के लोक सूचना अधिकारी तथा रावत विभागीय अपीलीय अधिकारी हैं। राज्य सूचना आयुक्त अनिल कुमार शर्मा ने उनको दूसरी बार कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
आवेदक ने14 नवंबर, 2012 को लोक सूचना अधिकारी से अवैध निर्माणों, विकास कार्यों तथा कंपाउंड किए गए निर्माणों से प्राप्त राजस्व तथा बकाया कंपाउंड शुल्क आदि 8 मामलों से संबंधित सूचना मांगी थी। भ्रामक सूचना दिए जाने पर विभागीय अपीलीय अधिकारी के समक्ष अपील की गई, किंतु उन्होंने भी लोक सूचना अधिकारी द्वारा दी गई सूचना को सही माना। इसके बाद राज्य सूचना आयोग में अपील की गई। आयोग में 14 मई को सुनवाई हुई। आयोग ने पाया कि लोक सूूचना अधिकारी ने अधिनियम की धारा 7 के प्राविधानों के तहत अतिरिक्त शुल्क की मांग न कर, अभिलेखों के अवलोकन के लिए पत्र भेजा है। उन्होंने अपीलकर्ता द्वारा मांगी गई सूचना को प्रश्न के रूप में माना, जबकि सूचना प्रश्न के रूप में नहीं है। राज्य सूचना आयुक्त अनिल कुमार शर्मा ने इसपर गंभीर आपत्ति जताई।

Related posts