एचएएस परीक्षा ; बर्फ की टेंशन बिना पहुंचे सेंटर

शिमला। सेंटर आफ एक्सीलेंस कालेज (संजौली) में एचएएस परीक्षा को व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कालेज परिसर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क और रास्तों से बर्फ हटा दी गई है। बर्फबारी के कारण मुख्य सड़क और रास्ते पर बर्फ ही बर्फ थी। ऐसे में अभ्यर्थियों को यहां पहुंचने की टेंशन सता रही थी। यहां करीब 150 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
सेंटरों में परीक्षा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को आयोग के सचिव आरएन बत्ता ने दौरा किया। उन्होंने कॉलेज में परीक्षा के लिए किए इंतजाम को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए और कॉलेज परिसर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क और रास्तों में पड़ी बर्फ को हटावाने के लिए अपने स्तर पर इंतजाम करने के लिए कॉलेज प्रशासन को निर्देश भी दिए। रास्तों को साफ करवाने के लिए सचिव ने नगर निगम आयुक्त से भी सहयोग मांगा था। मजदूरों और मशीनों के खर्च को अदा करने तक की बात की थी, मगर नगर निगम ने मजदूर उपलब्ध न होने की बात कर सुबह के समय रास्ता साफ करने को कहा। इस पर कॉलेज प्रशासन ने अपने कर्मचारियों को लगाकर कॉलेज के दोनों मुख्य रास्तों से बर्फ हटाने का कार्य शाम पांच बजे तक पूरा किया।
कॉलेज प्रशासन ने आयोग के सचिव के निर्देशों पर परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कॉलेज प्राचार्य डा. जेएस नेगी ने कहा कि परीक्षार्थियों के लिए रास्ता साफ करवाने के साथ ही कैंटीन खुलवाने की व्यवस्था भी कर दी गई है। सचिव ने आयोग कार्यालय में भी इंतजामों का जायजा लिया। कमियों को दूर करने के लिए अपने स्टाफ को दिशा निर्देश भी दिए।

Related posts