
मंडी। हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी महासंघ इंटक के प्रदेश प्रधान उमेश कुमार शर्मा अब बैल्जियम के ब्रुशल में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे। इस तरह के सम्मेलन में भाग लेने वाले उमेश हिमाचल के पहले कर्मचारी नेता हैं। उमेश शर्मा 16 से 18 जुलाई तक बैल्जियम के ब्रुशल में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में इंडियन नेशनल वर्क्स फेडरेशन की ओर से शिरकत करेंगे। महासंघ के उपप्रधान जगदीश कुमार ने बताया कि यूरोपियन ट्रांसपोर्ट फेडरेशन केे तत्वावधान में आईबीआईएस ऑफ ग्रांड होटल ब्रुशल में 16 जुलाई को रेलवे वर्क्स सेक्सन कमेटी की बैठक होगी। जबकि 17 जुलाई को रेलवे और रोड ट्रांसपोर्ट संयुक्त कमेटी तथा 18 जुलाई को रोड ट्रांसपोर्ट वर्क्स कमेटी की बैठक होगी। इसमें सार्वजनिक एवं निजी परिवहन कर्मचारियों की समस्याओं तथा उनके समाधान की दिशा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों पर भी चर्चा होगी। इससे पहले भी उमेश शर्मा जापान के टोक्यो में आयोजित इंटरनेशनल लेबर फाउंडेशन, टोरंटो के अंतरराष्ट्रीय परिवहन कर्मचारियों के सम्मेलन और नेपाल में आयोजित साउथ एशिया परिवहन कर्मचारी सम्मेलन में शिरकत कर चुके हैं। उमेश शर्मा को यह सम्मान प्राप्त होने के लिए परिवहन कर्मचारी महासंघ, प्रदेश इंटक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी और प्रदेश इंटक अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह तथा आईटीएफ में साउथ एशिया के प्रभारी महेंद्र शर्मा और इंग्लैंड के ट्रांसपोर्ट सचिव मैक उराटा का आभार व्यक्त किया है।
