
नगवाईं (मंडी)। मनाली से दिल्ली जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस पनारसा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं। इन्हें स्वास्थ्य केंद्र नगवाईं में प्राथमिक उपचार के लिए बाद छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे पनारसा के पास मनाली से दिल्ली जा रही एचआरटीसी की बस (एचपी 12 ई-6746) अनियंत्रित होकर सड़क के निचली तरफ पलट गई। इसमें सवार डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री चोटिल हो गए। घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र नगवाईं लाया गया। यहां प्राथमिक के बाद घायलों को दूसरी बस से गंतव्य स्थान को भेजा गया। सूचना मिलते ही औट थाना के एएसआई मोहर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घायलों में मेरठ निवासी लीलावती पत्नी राम प्रसाद, शशिकला पुत्री राम प्रसाद, बानी गौतम पत्नी राजेंद्र गौतम, हर्ष गौतम पुत्र राजेंद्र गौतम, कुमकुम पत्नी राजेंद्र गौतम, पूनम पत्नी मनोज, उत्तराखंड से आईटीबीपी जवान हरीश, बस चालक जमलोग बिलासपुर निवासी, पंचकूला के हरियाणा निवासी रेखा, चारू, इंग्लैंड मूल की लूसी जोना का नगवाईं स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया।
डीएसपी मंडी आशीष शर्मा ने कहा कि हादसे में घायल लोगों का नगवाईं में प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।
