
चंबा। प्रदेश के एचआरटीसी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही है। इस कारण पेंशनर प्रदेश सरकार व निगम प्रबंधन से काफी निराश है। इस दफा निगम के पेंशनरों की दिवाली भी फीकी ही रही है। निगम के सेवानिवृत्त पेंशनरों को 12 नवंबर बीतने के बाद भी अक्तूबर माह की पेंशन नहीं मिल पाई है। अक्तूबर माह की पेंशन न आने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। एचआरटीसी के पेंशनरों बाबू राम, भीलो, देस राज, शक्ति, विनय कुमार, ने बताया कि एचआरटीसी के पेंशनरों को समय पर पेंशनर नहीं मिल रही है। इससे आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। बीते पांच माह से निर्धारित तिथि पर पेंशन नहीं मिल रही है। बीते पांच माह से एचआरटीसी के पेंशन धारकों को पेंशन मिलने की कोई तिथि तय नहीं है। पेंशनरों का कहना है कि इससे पूर्व महीने की 29 या 30 तारीख को पेंशन खाते में आ जाती थी। इससे समस्त पेंशनरों को काफी सुविधा होती थी। सेवानिवृत्त एचआरटीसी पेंशनर संघ के जिला अध्यक्ष दीवान सिंह ठाकुर ने बताया कि एचआरटीसी के मंत्री जीएस बाली ने पेंशनरों को आश्वासन दिया था कि हर माह की सात तारीख को प्रदेश में एचआरटीसी के पेंशनरों को पेंशन मिलेगी, लेकिन अभी तक पेंशनरों को पेंशन नहीं मिल रही है। संघ के उपाध्यक्ष उत्तम सिंह ने बताया कि जिला चंबा में करीब 150 पेंशनरों को पेंशन न मिलने से परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार से जल्द पेंशन का भुगतान करने की मांग की है।
नहीं मिली ग्रेजुटी व एरियर
सेवानिवृत्त एचआरटीसी पेंशनर संघ के अध्यक्ष दीवान सिंह ठाकुर ने बताया कि हाल ही में सेवानिवृत्त हुए एचआरटीसी के कुछ कर्मचारियों को ग्रेजुटी, एरियर व छुट्टियों का पैसा नहीं मिला है। इसके चलते कई कर्मचारी बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।
बैंकों से निराश लौट रहे
सरकार ने हर माह की सात तारीख को पेंशन देने का प्रावधान किया है। पेंशनर पेंशन लेने के लिए बैंकों के बार-बार चक्कर काट रहे हैं। पेंशन न मिलने के कारण पेंशनरों को निराशा हाथ लग रही है।
समस्या का समाधान किया जाएगा : बाली
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि सरकार सेवानिवृत्त कर्मचारियों की इस दिक्कत का जल्द समाधान करेगी। कर्मचारियों को कोई भी समस्या हो तो वे एचआरटीसी प्रबंधन के ध्यान में ला सकते हैं। प्राथमिकता के आधार समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
