एचआरटीसी के 24 रूट हुए फेल

शिमला। बारिश के कारण भूस्खलन के चलते जिला शिमला में सड़क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। सड़कें बंद होने के कारण एचआरटीसी के दो दर्जन से अधिक रूट फेल हुए हैं। ठियोग, कोटखाई, चौपाल व रिकांगपिओ में बसों की आवाजाही सबसे अधिक प्रभावित हुई है।
ऊपरी शिमला में एचआरटीसी के 24 रूट फेल हुए हैं। सड़कें बंद होने के कारण निगम की बसें रूटों पर रवाना नहीं हो सकी हैं। ठियोग में मझार रूट पर डंगा गिरने के कारण बस गंतव्य तक नहीं जा पा रही है। रोहड़ूू में डोडराक्वार सड़क बंद होने के कारण सड़क संपर्क कटा हुआ है। रिकांगपिओ में अभी तक मार्ग स्पीलो तक ही रवाना हो पा रही है। एचआरटीसी के तारादेवी डिपो के तहत चौपाल और कोटखाई में भूस्खलन के कारण रूट फेल हुए हैं। एचआरटीसी का कल्पा रूट भी भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। इसके अतिरिक्त रामपुर व शिमला ग्रामीण डिपो में भी भूस्खलन के कारण रूट प्रभावित हुए हैं।

– रिकांगपिओ में फंसी एचआरटीसी की 8 बसें
किन्नौर में भूस्खलन के कारण हुई भारी तबाही के चलते एचआरटीसी की आठ बसें अभी भी दूरदराज क्षेत्रों में फंसी हुई हैं। स्पीलो से आगे सड़क मार्ग बंद होने के कारण बसें वापस रिकांगपिओ नहीं आ पाईं हैं।

– चालकों को एहतियात बरतने के निर्देश
बस चालकों को रूटों पर चलते समय एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे स्थान पर जहां बड़ा भूस्खलन हुआ है, खास ध्यान रखने के लिए कहा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में क्षेत्रीय प्रबंधकों को स्टाफ के साथ नियमित संपर्क में रहने को कहा गया है।

Related posts